भज्जी के AAP में आने की इनसाइड स्टोरी
चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पॉलिटिकल इनिंग शुरू कर दी। उन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। पहले हरभजन सिंह की भाजपा से जुड़ने की चर्चा थी। बीच में पंजाब कांग्रेस चीफ रहे नवजोत सिद्धू भी उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाने पहुंच गए। हालांकि भाजपा और कांग्रेस को झटका देकर भज्जी ने सेफ गेम खेला और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
आप में शामिल होने की 3 बड़ी वजहें
क्रिकेट से संन्यास के बाद भज्जी ने मॉडलिंग और एक्टिंग में किस्मत आजमाई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उनके पास सिर्फ क्रिकेट कमेंट्री का काम रह गया था। यानी एक तरह से भज्जी के राजनीतिक करियर को आप में सेफ शुरूआत मिल गई है।
हरभजन पंजाब में रहकर क्रिकेट एकेडमी चलाते हैं। इसलिए वह पंजाब में रहना चाहते थे। यहां डबल फायदा हो गया। वह पंजाब से चुने जा रहे हैं और यहां सरकार भी आम आदमी पार्टी की है।
आम आदमी पार्टी में भज्जी को बड़ा राजनीतिक प्लेटफार्म मिल गया। फिलहाल आप में अरविंद केजरीवाल के बाद कोई राष्ट्रीय चेहरा नहीं है। इससे भज्जी को राजनीतिक तौर पर आप में बड़े स्तर पर मौका मिल सकता है।
भाजपा से दूरी क्यों?
किसान आंदोलन से शुरू हुआ भाजपा का विरोध थम नहीं रहा। पंजाब चुनाव में भाजपा को 117 में से सिर्फ 2 सीटें मिली। ऐसे में पंजाब में भाजपा के साथ भज्जी को अपना राजनीतिक भविष्य ज्यादा बेहतर नहीं दिखा।
भाजपा उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद बनाने का भरोसा दे रही थी। इससे पंजाब से भज्जी की दूरी बढ़ जाती। पंजाब में उन्हें क्रिकेट एकेडमी भी चलानी थी, इसलिए वह भाजपा के साथ नहीं गए।
भाजपा में दिग्गजों की भीड़ है। ऐसे में हरभजन का चेहरा भी उन्हीं के बीच खो जाता। राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और भुनाने के लिए भाजपा में ज्यादा मौका नहीं मिल पाता।
हरभजन के कदम से किसे फायदा?
सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी को फायदा हुआ है। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा चेहरा मिल गया। अरविंद केजरीवाल हरभजन की क्रिकेट की पहचान को भुनाएंगे। दूसरा सिख चेहरे को चुनने से पंजाब में भी अच्छा संदेश गया। खिलाड़ी को सांसद बनाने से दूसरे खिलाड़ी पार्टी से प्रभावित होंगे। उन्हें लगेगा कि पंजाब सरकार और खासकर अरविंद केजरीवाल खेल को गंभीरता से ले रहे हैं। पंजाब में स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधारने के लिए हरभजन की मदद मिलेगी। हरभजन के बहाने यूथ का सपोर्ट भी मिलेगा।
फिरकी जैसी राजनीतिक करियर की शुरूआत
फिरकी गेंदबाज रहे हरभजन सिंह के राजनीतिक करियर की शुरूआत भी फिरकी से कम नहीं रही। उनकी शुरूआती बात भाजपा से हुई। भाजपा उन्हें पंजाब में CM चेहरे की तरह केंद्र में रखकर चुनाव लड़ाने को तैयार थी। हरभजन ओबीसी कैटेगिरी से आते हैं। इसीलिए भाजपा उन पर दांव खेलना चाहती थी। हालांकि जब कांग्रेस ने दलित चेहरा चरणजीत चन्नी को आगे कर दिया तो भाजपा इससे पीछे हट गई।
इसके बाद कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू चुनाव से पहले ही हरभजन से मिले। सिद्धू चाहते थे कि वह चुनाव लड़ें। हरभजन के कांग्रेस में आने की उम्मीद भी थी। हालांकि यह खेल तब खराब हो गया, जब कांग्रेस ने सिद्धू को ही किनारे कर चरणजीत चन्नी को CM चेहरा बना दिया।
कांग्रेस में मौका न देख हरभजन और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का संपर्क हुआ। हरभजन चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, इसलिए उन्हें चुनाव के बाद राज्यसभा भेजने के बारे में चर्चा हुई। पंजाब में 5 सीटें खाली भी हो रही थी। 10 मार्च को आप की सरकार बन गई। जिसके बाद हरभजन ने केजरीवाल से मुलाकात की और वह पंजाब से आप के राज्यसभा उम्मीदवार बन गए।