महाकाल में दीपोत्सव का विश्व रिकॉर्ड : मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
उज्जैन। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन फाल्गुन में दिवाली सी जगमग हुई। यहां महाशिवरात्रि पर विश्व रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यहां शिव ज्योति अर्पणम् महोत्सव शुरू हो गया है। इसके तहत 21 लाख दीपक जलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ 11 दीपक जलाकर इसकी शुरुआत की। इसके बाद सायरन बज गया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने दीपक जलाना शुरू कर दिया। यहां गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की 5 सदस्यीय टीम भी मौजूद है।
यहां 5 ड्रोन से निगरानी की जा रही है। राम घाट से लेकर भूखी माता घाट तक लोगों की भीड़ जमा है। इस अलौकिक और विहंगम नजारे को देखने के लिए सीएम शिवराज सिंह, उनकी पत्नी साधना सिंह और मंत्री मोहन यादव ने नौका विहार किया। उज्जैन में आतिशबाजी भी की गई। मंदिर में भी महिलाएं और स्वयंसेवक दीपक जलाने के लिए उत्साहित हैं। यहां नाच-गाना भी किया जा रहा है।
इससे पहले सुबह 3 बजे से ही महाकाल मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले भस्म आरती हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पट खुलते ही चार धाम मंदिर पर श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। पुलिस के मेटल डिटेक्टर और कुछ बैरिकेड्स गिर गए। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोले गए, तब यह स्थिति बनी थी। यह स्थिति ज्यादा देर नहीं रही, पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्था संभाल ली।