5 लाख रुपए दहेज नहीं मिलने पर पत्नी से कुकृत्य
भोपाल। भोपाल के बैरसिया इलाके में रहने वाली महिला ने पति पर कुकृत्य करने, दहेज के मांग को लेकर प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को बताया कि आठ महीने पहले उसकी शादी हुई थी। इसके तीन माह बाद पति पांच लाख रुपए दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगा। दहेज की मांग नहीं पूरी होने पर वह उसके साथ अप्राकृतिक सेक्स करता है। विरोध करने पर मारपीट करता है। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके की रहने वाली 21 साल की लड़की की शादी इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार 24 मई 2021 को बैरसिया के एक गांव में रहने वाले युवक से हुई थी। युवक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान चलाता है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के तीन माह बाद पति उससे 5 लाख रुपए की मांग करने लगा। मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से दहेज देने में उसने असमर्थता जताई। इस पर पति उसे प्रताड़ित करने लगा। पति का कहना था कि जब तक दहेज नहीं लाओगी तब तक तुम्हें इसी तरह परेशान किया जाएगा। उसे शारीरिक कष्ट देना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर वह अपने मायके आ गई। परिजनों को आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। जहां, पति के खिलाफ उसने केस दर्ज कराया।
चरित्र पर करता था संदेह
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिजनों से फोन पर बात करती थी। इस पर पति को लगता था कि वह किसी और से बात कर रही है। वह शादी के बाद से उसके चरित्र पर संदेह करता था। पीड़िता ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका मायके के अलावा किसी से बात नहीं होती फिर भी पति मानने को तैयार नहीं हुआ। वह गलत समझता रहा।