रणवीर सिंह की ’83’ का नया पोस्टर आया सामने, 2 दिन बाद फिल्म का ट्रेलर होगा रिलीज
एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ’83’ का ट्रेलर 30 नवंबर को रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर रिलीज से 2 दिन पहले मेकर्स ने अब रविवार (28 नवंबर) को फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है। फिल्म के नए पोस्टर को रणवीर सिंह ने भी खुद सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “जैसे लोग कहते हैं, एक बार सफलता का स्वाद चख लो…तो जुबान को और चाहिए। कपिल देव, 1983। ’83’ का ट्रेलर 2 दिन बाद रिलीज होगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में 24 दिसंबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। 3D में भी। #ThisIs83।” कबीर खान के डायरेक्शन में बनी ’83’ साल 1983 में क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर आधारित है। फिल्म में रणवीर सिंह क्रिकेट टीम के कैप्टन कपिल देव की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं दीपिका पादुकोण फिल्म में कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया के किरदार में नजर आएंगी।