एमपी में 15-16 जून तक आएगा मानसून:मंडला में 9 घंटे में 2 इंच बारिश
भोपाल। देश में मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार को मानसून केरल पहुंच गया। यह अपने तय समय से 8 दिन पहले पहुंचा है। मध्यप्रदेश में भी मानसून 15-16 जून तक एंटर हो सकता है। इससे पहले प्री मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी।
इधर, मानसून की एंट्री के पहले मध्यप्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहा। मंडला में तो 9 घंटे में 2 इंच बारिश दर्ज की गई। राजगढ़ में भी मूसलाधार बारिश हुई।
रतलाम में भी तेज हवाओं के साथ करीब 10 मिनट तक पानी गिरा है। इसके अलावा धार, जबलपुर और उमरिया जिले में भी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने रात में कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम बदलने से तापमान में गिरावट
मौसम का मिजाज बदलने की वजह से कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट हुई। छतरपुर के नौगांव में सबसे ज्यादा तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। टीकमगढ़ में 40 डिग्री और ग्वालियर में 40.6 डिग्री तापमान रहा।
बड़े शहरों में भोपाल में 36.2 डिग्री, इंदौर में 34.9 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री और जबलपुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
उमरिया में सबसे कम 30 डिग्री रहा। मलाजखंड, सिवनी, सीधी, पचमढ़ी, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और मलाजखंड में पारा 33 डिग्री से कम रहा।