नर्स और शादीशुदा महिला से रेप
इंदौर। इंदौर की हीरानगर पुलिस ने एक निजी अस्पताल की नर्स की शिकायत पर फायनेंस कर्मी के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। आरोपी से 2022 में बडवानी के एक मंदिर में उसकी दोस्ती हुई थी। तब से दोनों एक दूसरे को जानते थे। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
हीरानगर पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 28 साल की नर्स की शिकायत पर हिमांशु उर्फ भट्टू चौधरी, निवासी निम्बार्क कॉलोनी बड़वानी के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। पीड़िता के मुताबिक हिंमांशु से उसकी तीन साल से दोस्ती है। दिसंबर 2023 में हिमांशु इंदौर घूमने आया। बाद में वह सुखलिया में रहने वाले आरोपी के भाई वासुदेव के घर पर जाकर रूके।
यहां पर हिमांशु ने कहा कि वह पीड़िता को पसंद करता है। उससे शादी करना चाहता है। इसके बाद उसके साथ संबंध बनाए। बाद में हिमांशु इंदौर में ही रहने लगा। यहां एक फायनेंस कंपनी में नौकरी करने लगा। इसके बाद दोनों ने कई बार संबंध बनाए। दिसंबर 2024 में हिमांशु मां की तबीयत खराब होने का कहकर गांव चला गया। इसके बाद हिमांशु ने पीड़िता से बात करना बंद कर दी।
जनवरी 2025 में हिमांशु के बारे में पता लगा कि उसकी शादी होने वाली है। जब पीड़िता बड़वानी पहुंची तो वहां हिमांशु के परिवार के लोग शादी को लेकर राजी नहीं हुए। यहां हिमांशु ने विवाद किया। इसके बाद हिंमाशु अप्रैल 2025 में इंदौर मिलने आया। यहां पर उसने रेप किया। बाद में पता चला कि हिमांशु की दो माह पहले ही शादी हो चुकी है। हिमांशु से बात की तो उसने मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची और केस दर्ज कराया।
किराना दुकान संचालक ने किया रेप
इंदौर के सदर बाजार इलाके में किराना दुकान संचालक ने शादीशुदा महिला से दोस्ती कर उसके साथ रेप किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर किराना दुकान संचालक के खिलाफ रेप के मामले में केस दर्ज किया है।
सदर बाजार पुलिस के मुताबिक 30 साल की महिला की शिकायत पर अल्ताफ पुत्र असलम मंसूरी, निवासी मोहसीन किराना सिकंदराबाद कॉलोनी के खिलाफ मंगलवार को रेप का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक महिला शादीशुदा है और उसका एक बेटा है। उसकी शादी फरवरी 2018 में हुई थी। पति से विवाद हुआ तो दिसंबर 2019 से मायके में रहने आ गई। अल्ताफ से पहचान होने के बाद उससे दोस्ती हो गई। आरोपी ने कहा कि वह उससे शादी कर लेगा। इसके बाद घर बुलाकर उसके साथ संबंध बनाए। आरोपी ने इसके बाद शादी का झांसा देकर लगातार कई बार संबंध बनाए। कुछ दिन पहले अल्ताफ ने कहा कि पति से तलाक हो जाए तो शादी कर लेगा। लेकिन पीड़िता ने कहा कि केस कोर्ट में चल रहा है। उससे शादी में क्या परेशानी है। इस पर अल्ताफ ने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह बात मंगलवार को अपने परिजनों को बताई। इसके बाद थाने आकर केस दर्ज कराया।