भारत कल पाकिस्तान बॉर्डर पर हवाई अभ्यास करेगा
नई दिल्ली/पहलगाम। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच इंडियन एयरफोर्स पाकिस्तान बॉर्डर (LoC) के पास कल (7 मई) से 2 दिन हवाई अभ्यास करेगी। एयरफोर्स ने इसके लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी किया। इसमें राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 सहित सभी फ्रंटलाइन एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। ये जमीनी हमले और हवा से हवा में युद्ध करने के लिए अभ्यास करेंगे।
NOTAM जारी करने का मतलब होता है पायलटों और हवाई जहाज से जुड़ी एजेंसियों को कोई जरूरी जानकारी देना, ताकि वे उड़ान भरते समय सतर्क रहें।
वहीं, रांची में मंगलवार को कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ’22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के 3 दिन पहले PM मोदी के पास इंटेलिजेंस का इनपुट था। इसलिए उन्होंने अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था नहीं की।’
26 बेगुनाह लोग मारे गए और सरकार ने माना इंटेलिजेंस फैलियर है और उसको वे सुधारेंगे। अगर उन्हें यह पता है, तो उन्होंने अच्छी व्यवस्था क्यों नहीं की।
वहीं, रूस में बने एक मॉडर्न स्टील्थ युद्धपोत ‘तमल’ को भारतीय नौसेना को मई के अंत (28 मई) में सौंपा जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून में इसे आधिकारिक रूप से नौसेना में शामिल किया जाएगा। यह जंगी जहाज ब्रह्मोस मिसाइल से लैस होगा। जो रडार की पकड़ में भी नहीं आएगा।
पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) के जंगलों में पुलिस ने 2 RPG, 2 IED, 5 हैंड ग्रेनेड और एक वायरलेस कम्युनिकेशन सेट बरामद किया है।
राहुल गांधी हरियाणा के करनाल में नेवी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार से 1 घंटा 35 मिनट तक मुलाकात की।
चिनाब नदी पर बने बगलिहार डैम का पानी पाकिस्तान के लिए रोक दिया। कश्मीर में किशनगंगा बांध के जरिए झेलम नदी का पानी रोकने की प्लानिंग चल रही है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि भारत नियंत्रण रेखा (LoC) पर किसी भी समय सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
देश में 244 जगहों पर कल मॉक ड्रिल: युद्ध में बचने के तरीके सिखाए जाएंगे, टॉर्च-कैश रखने की सलाह
बुधवार (7 मई) को देश के 244 इलाकों में युद्ध के दौरान बचाव के तरीकों की मॉक ड्रिल होगी। गृह मंत्रालय ने इन इलाकों को सिविल डिफेंस डिस्ट्रिक्ट के तौर पर लिस्ट किया है। ये सामान्य प्रशासनिक जिलों से अलग हैं।
सिविल डिफेंस डिस्ट्रिक्ट्स को उनकी संवेदनशीलता के आधार पर 3 कैटेगरी में बांटा गया है। कैटगरी-1 सबसे संवेदनशील और कैटेगरी-3 कम सेंसेटिव है। गृह मंत्रालय ने 5 मई को सभी राज्यों को मॉक ड्रिल कराने के आदेश जारी किए थे।
दिल्ली में गृह मंत्रालय में आज हुई हाईलेवल मीटिंग में मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें राज्यों के मुख्य सचिव और सिविल डिफेंस चीफ समेत कई हाई रैंक ऑफिसर मौजूद थे।