मां-बेटी की हत्या:धारदार हथियार से मारा
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में एक मां-बेटी की धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी गई। एक का शव घर के आंगन में मिला। वहीं दूसरी महिला का शव 91 फीट दूर पड़ोसी के दरवाजे पर मिला।
घटना रविवार शाम 5 बजे की है। सूचना मिलते हुए एसपी गुरकरन सिंह, एएसपी, एसडीओपी पराग सैनी समेत तमाम पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस शवों को चादर में लपेटकर ले गई।
एसपी गुरकरन सिंह ने बताया कि महिला का नाम पूजा मौर्य, उनकी बेटी पल्लवी मौर्य है। घटना स्थल की पुलिस अधिकारी और एफएसएल से बारीकी से जांच की जा रही है। किसने मारा है, इसका पता लगा रहे है। महिला और उनके परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड है। इसकी भी जांच कर रहे है। हत्या की वजह अभी क्लियर नहीं हुई है।
पुलिस ने एक को हिरासत में लिया
पूजा मौर्य (50) पीली खनती क्षेत्र में रहती थी। उसके पति नन्नेलाल की मौत हो चुकी है। वह अपनी बेटी पल्लवी के साथ जितेंद्र जरिया के मकान में रह रही थी। पुलिस ने जितेंद्र जरिया को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
महिला के बच्चे घर पर ही थे
जितेंद्र जरिया के मकान में पूजा के अलावा उसकी सबसे बड़ी बेटी पल्लवी, दूसरे नंबर की बेटी लियांशी , तीसरे नंबर की महिमा और सबसे छोटा बेटा व भाई देवराज रहता था। घटना के समय पूजा, उसकी बेटी पल्लवी, लियांशि और देवराज घर पर था। बेटा खेल रहा था। मां-बेटी के शव पोस्टमॉर्टम कक्ष में रखे गए है। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। यहां पुलिस बल तैनात किया है।
प्लाट और मकान का लंबे समय से विवाद
जानकारी के मुताबिक पूजा जिस मकान में रहती है। उसी के बगल में जितेंद्र जरिया भी रहता है। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद वो घटनास्थल के आसपास देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे थाने लेकर आई है। लोगों का कहना है कि मकान और प्लाट को लेकर मृतका और जितेंद्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्लाट जितेंद्र का था और मकान बनाने में महिला के भी रुपए लगे थे। मकान खाली कराने को लेकर विवाद होता था।
परिजन ने आरोपी के ऑटो में की तोड़फोड़
पुलिस जब शवों को अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान मृतकों के परिजन ने सड़क पर खड़े आरोपी के ऑटो में तोड़फोड़ की। कुछ लोग पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात कह रहे थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका।