संत प्रमाणसागर बोले- भारत को हिन्दू राष्ट्र होना ही चाहिए
भोपाल। जैन संत आचार्य प्रमाण सागर जी महाराज भोपाल में मंत्री प्रहलाद पटेल के आवास पर पहुंचे। यहां मंत्री पटेल ने परिवार सहित उनका पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद लिया। पंचायत मंत्री के ही सरकारी आवास में जैन संत प्रमाण सागर ने शंका समाधान (लोगों की जिज्ञासाओं पर सवाल-जवाब किए) किया।
हिन्दू राष्ट्र की मांग को लेकर प्रमाण सागर ने कहा- मैं तो कहता हूं कि हिन्दू राष्ट्र होना ही चाहिए। हिन्दू का मतलब कोई जाति या वर्ग विशेष नहीं है। हिन्दू यानि वह जो हिंसा से दूर रहे। हम तो चाहते हैं भारत राष्ट्र ऐसा हो जो हिंसा से पूरी तरह मुक्त हो और हिन्दू राष्ट्र हो।
हमारे डीएनएम में भारतीयता
हिन्दुओं को एकजुट होने के सवाल पर प्रमाण सागर महाराज ने कहा, मैं तो मानता हूं कि एकजुट हैं। अलग कहां हैं? हम सब एक ही हैं। एक ही संस्कृति में जीने वाले लोग हैं। भारतीय संस्कृति हमारी राष्ट्रीय मान्यता है। हमारी उपासना पद्धतियां भिन्न हो सकती हैं। पर, हम सबके डीएनए में एक ही बात है वो है भारतीयता। हम भारतीयता के संपोषक हैं। भारतीयता को बढ़ाने के लिए समर्पित रहने वाले लोग हैं। हम सबको एक नाम पर एक होना चाहिए वो है भारतीयता और भारतीय संस्कृति।
शंका समाधान कार्यक्रम 12 साल से चल रहा
भोपाल में कार्यक्रम को लेकर आचार्य प्रमाण सागर महाराज ने कहा, शंका समाधान नियमित कार्यक्रम है। जो 12 वर्षों से लगातार लाइव चलता है। दुनिया भर के लोग इसे पसंद करते हैं। ये शंका समाधान एक विशिष्ट व्यक्ति के आवास परिसर पर हो रहा है। प्रहलाद जी एक नेता के साथ धार्मिक व्यक्ति और गुरुभक्त हैं। बड़ी सात्विकता से वे जुडे़ हुए हैं। हमारे रूटीन के कार्यक्रम का ही शंका समाधान एक हिस्सा है।
वक्फ मामले पर बोले- देश हित के काम में रचनात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए
वक्फ मामले में सरकार ने क्या किया है इसकी मुझे पूरी जानकारी नहीं हैं। लेकिन, मैं इतना ही कहूंगा कि समाज और देश के विकास के लिए कोई भी काम किया जाए तो हम सबको रचनात्मक सहयोग और दृष्टिकोण रखना चाहिए।