मिस्र के करीब सबमरीन डूबने से 6 की मौत
काहिरा। मिस्र के नजदीक रेड सी में एक टूरिस्ट सबमरीन के डूबने से 6 लोगों की मौत हो गई। मिस्र के हर्गहाडा हॉलिडे रिसॉर्ट से एक किलोमीटर दूर हुई इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर है।
सिंदबाद नाम की सबमरीन में बच्चों समेत लगभग 44 यात्री सवार थे। ये सभी यात्री रूस नागरिक थे, करीब 29 लोगों को बचा लिया गया है।
आशंका जताई गई है कि पानी के अंदर 65 फीट की गहराई में यह सबमरीन एक चट्टान से टकरा गई। इसके बाद पानी के दबाव की वजह से डूब गई। हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है।
72 फीट की गहराई तक जा सकती है पनडुब्बी
घटनास्थल पर लगभग 21 एम्बुलेंस भेजी गई थी। घायलों की हालत देखते हुए उन्हें लोकल हॉस्पिटल में ही एडमिट किया गया। यह पनडुब्बी समुद्र के अंदर कोरल रीफ (प्रवाल भित्ती) और ट्रॉपिकल मछलियों को देखने पहुंची थी।
फिनलैंड में डिजाइन की गई पनडुब्बी एक बार में 44 यात्रियों और दो क्रू मेंबर को 72 फीट गहराई तक ले जा सकती है। इसमें बड़े का टिकट 69 डॉलर (6 हजार रुपए) और बच्चों का 33 डॉलर (3 हजार रुपए) था।